गुरुवार, 14 मार्च 2013

एक बार जो बना जमाई.....

सांच को आंच क्या ?
पैरों के तले कांच क्या 
एक बार जो बना जमाई
उस राजा की फिर जांच क्या ?

टीम केजरी का नाच क्या
घोटालों के आकाश में
नित नए पर्दाफाश में 
एक और खुलासे पर तीन - पांच क्या ?

उनका देश, उनकी सरकार
उनका राजा, उनके सिपासालार
सब उनके अपने हैं, 
अपनों में बन्दर -बाँट क्या ?

उनका तराजू, उनका बाट 
उनके कांटे, उनका ठाठ
गोल -मोल है नाप -तोल, 
तोल में इस झोल की काट क्या ?

उनका घर, उनकी ताक
उनका चेहरा, उनकी नाक
रख दी ताक पर कटी नाक
अब घर की अटरिया पर तांक - झाँक क्या ?